• Thu. Feb 19th, 2026

कोई भी अच्छी खबर... यहां पर

AHODS टेक्नोलॉजीज: हरित ऊर्जा की ओर बड़ा कदम, कार्बन उत्सर्जन में भारी कमी का दावा

कार्बन उत्सर्जन में भारी कमी का दावा

ग्रीन हाइड्रोजन से नई क्रांति

नई दिल्ली (The Bihar Now डेस्क)| दिल्ली स्थित आईआईटी में विकसित (IIT Delhi Innovation) और पेटेंट प्राप्त एडवांस हाइड्रोजन ऑन डिमांड सिस्टम ड्यूल फ्यूल किट (AFDK) ने सतत विकास की दिशा में नई उम्मीदें जगाई हैं. कंपनी का कहना है कि इस तकनीक से वाहनों में कार्बन उत्सर्जन लगभग 70% तक घटाया जा सकता है, वहीं ईंधन की खपत में करीब 20% की बचत संभव है. यह नवाचार भारत को शून्य उत्सर्जन लक्ष्य और बेहतर स्वास्थ्य लाभ हासिल करने में अहम भूमिका निभा सकता है.

एएचओडीएस टेक्नोलॉजीज (AHODS Technologies) के संस्थापक एवं सीईओ सौरभ मोहन सक्सेना पहले ZF हीरो में सीओओ और कंट्री मैनेजर रह चुके हैं. वे इस स्वदेशी तकनीक के पेटेंट धारक भी हैं. कंपनी में हाल ही में राजेश कुमार बतौर सलाहकार जुड़े हैं, जो वायु प्रदूषण नियंत्रण के क्षेत्र में लंबे अनुभव रखते हैं. उनके आने से कंपनी के विस्तार की रफ्तार और तेज हो गई है.

जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता घटाने का समाधान

कंपनी का दावा है कि AFDK (AFDK Dual Fuel Kit) जीवाश्म ईंधन की खपत को कम करता है. इसमें ईंधन का एक हिस्सा क्षारीय जल से मांग के अनुसार उत्पन्न ग्रीन हाइड्रोजन से बदला जाता है. खास बात यह है कि इसके लिए हाइड्रोजन को अलग से स्टोर करने की जरूरत नहीं पड़ती. यह तकनीक प्राकृतिक गैस की सीमित उपलब्धता और गैस आपूर्ति ढांचे की चुनौतियों को भी दूर करती है.

कठिन इलाकों में भी उपयोगी

AFDK में टेलीमैटिक्स आधारित इलेक्ट्रॉनिक मॉनिटरिंग की सुविधा है. कंपनी का कहना है कि यह तकनीक पहाड़ी और दूरदराज के इलाकों में, जहां गैस आपूर्ति मुश्किल है, वहां भी प्रभावी साबित होती है. रखरखाव और उपकरणों के प्रतिस्थापन पर न्यूनतम खर्च होने से यह आर्थिक रूप से भी लाभकारी है. कंपनी चरणबद्ध तरीके से पूरे देश में अपनी मौजूदगी मजबूत कर रही है.

सरकारी मान्यता और तकनीकी स्तर

यह उत्पाद सरकारी एजेंसी NETRA द्वारा प्रमाणित टेक्नोलॉजी रेडीनेस लेवल 7 पर है. AHODS का ग्रीन हाइड्रोजन सिस्टम डीजल और पेट्रोल जैसे पारंपरिक ईंधनों के साथ दोहरे ईंधन संचालन को सक्षम बनाता है. इसे कृषि मशीनरी, बिजली जनरेटर, औद्योगिक बॉयलर और वाहनों में आसानी से लागू किया जा सकता है. बिजली जनरेटरों में इसका व्यावसायिक उपयोग शुरू हो चुका है, जबकि बॉयलरों और वाहनों में एकीकरण उन्नत चरण में है. यह पुराने वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने में मददगार हो सकता है.

बड़े ब्रांड्स के साथ परीक्षण और साझेदारी

AOCL, Maruti, Nestle और Amazon जैसी कंपनियों के बिजली जनरेटरों में AFDK का सफल परीक्षण किया गया है. इसके अलावा कंपनी ने CBRE और JLL जैसी वैश्विक रियल एस्टेट कंपनियों के साथ साझेदारी की है. Toyota Tsusho भी इसके साथ काम कर रही है. कंपनी का मुख्य कार्यालय IIT दिल्ली में है, जबकि अनुभव केंद्र IIT रुड़की (ग्रेटर नोएडा) में स्थित है.

पुरस्कार और उपलब्धियां

एएचओडीएस टेक्नोलॉजीज ने कई प्रतिष्ठित पुरस्कार जीते हैं. इसमें Uber Sustainovate Challenge की जीत, Agni Innovation Program में भारत के सबसे होनहार नवाचारों में चयन और Walmart Global Tech Converge 2021 में शीर्ष स्टार्टअप का खिताब शामिल है. कंपनी FLC-TD कार्यक्रम और Walmart Global Tech Award की भी विजेता रही है.

By admin